सनबीम सनसिटी में तकनीक का महाकुंभ, 18 स्कूलों के 165 छात्रों ने दिखाया हुनर
वाराणसी। सनबीम सनसिटी की ओर से 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को दो दिवसीय अंतरविद्यालयीय तकनीकी सम्मेलन ‘अल्फा समिट-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में 18 विद्यालयों के 165 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर तकनीकी कौशल, रचनात्मकता, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता का प्रदर्शन किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक के क्षेत्र में नए प्रयोगों और संभावनाओं से परिचित कराने के साथ उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन सहायक निदेशिका श्रीमती प्रतिमा गुप्ता ने किया। इस अवसर पर एमआईटी में प्रवेश पाने वाले प्रथम अंतरराष्ट्रीय दृष्टिबाधित विद्यार्थी एवं उद्यमी श्रीकांत भोला विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम में सनबीम सनसिटी के सीओओ श्री आशीष राय, प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना सिंह और सनबीम समूह के अध्यक्ष डॉ. दीपक मधोक ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
समिट के पहले दिन तकनीक आधारित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें कोडस्टॉर्म हैकाथॉन, बग हंटर्स, कोड कैनवास, साइबर शील्ड, पिक्सल परफेक्ट, एआई फोर्ज और लेंस क्रॉनिकल्स प्रमुख रहीं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने वेबसाइट निर्माण, कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, साइबर सुरक्षा, डिजिटल डिजाइनिंग, फोटोग्राफी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में अपनी दक्षता का परिचय दिया।
दूसरे दिन रोबो लीग और लेवल अप-2.0 प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। लेवल अप-2.0 के तहत ई-स्पोर्ट्स की विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में फीफा, सिम रेसिंग, बीजीएमआई और वैलोरेंट शामिल रहे। वहीं, रोबोट फुटबॉल मुकाबले ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
दो दिवसीय आयोजन का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ। समारोह में सनबीम समूह के कार्यकारी निदेशक श्री हर्ष मधोक, मुख्य परिचालन अधिकारी संदीप मुखर्जी, सनबीम सनसिटी के सीओओ श्री आशीष राय, प्रधानाचार्या अर्चना सिंह और उप-प्रधानाचार्य (पैरेलल करिकुलम) गिरिजेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।
इस दौरान विद्यार्थियों ने ‘टेक्नो टाइटन्स’ नामक विशेष नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भी भरा। इसके बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी प्रतिभागी विद्यालयों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और आयोजन समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
