×

यूपी में दो कुत्तों का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन, मालिक अपनी जायदाद भी करेगा इनके नाम

यूपी में दो कुत्तों का धूमधाम से मनाया गया जन्मदिन, मालिक अपनी जायदाद भी करेगा इनके नाम

बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में दो कुत्तों के जन्मदिन मनाने का अनोखा मामला सामने आया है। यहां कुत्तों ने अपने जन्मदिन केक काटा और घर पहुंचे मेहमान डीजे की धुन पर खूब थिरके। कुत्तों के जन्मदिन के मौके पर शानदार प्रोग्राम के साथ ही दावत की व्यवस्था भी की गई थी। इतना ही नहीं कुत्तों के मालिक का दावा है कि वे अपनी जायदाद भी दोनों के नाम करेंगे।

जानकारी के अनुसार, एक निसंतान दंपती ने दो कुत्तों को बच्चों की तरह पाला और एक साल का होने पर उनका जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया। बोहित गांव निवासी दंपती श्यामविहारी और रेनू ने अपने एक साल के पालतू कुत्ते लालू और भूरा का जन्मदिन मनाया। 

वहीं कुत्तों के मालिक श्याम विहारी ने कहा कि उन्होंने दोनों कुत्तो के जन्मदिन को लेकर पहले से तैयारी की थी। सभी के सहयोग से जन्मदिन शानदार तरीके से मनाया गया। श्याम विहारी खेती किसानी का काम करते हैं और दोनों कुत्ते लालू और भूरा को वे लोग अपने बच्चे की तरह प्यार देते हैं।

रेनू और श्याम विहारी के कोई औलाद नहीं है। वे निः संतान हैं और दोनों कुत्तों को ही अपनी संतान मानते हैं। रेनू ने बताया कि उसका पूरा परिवार और आसपास के लोग दोनों को बहुत प्यार करते हैं। रेनू के पति श्याम विहारी ने कहा कि लालू और भूरे को वह अपनी संतान की तरह मानते हैं। परिवार के लोग उनकी जायदाद पर बुरी नजर रखते हैं, इसलिए वह अपनी जायदाद दोनों कुत्तो के नाम करेंगे।

कुत्तों की मालकिन का मानना है कि वह गांव में ही रहकर अपने पति का खेतीबाड़ी में हाथ बंटाती हैं। एक दिन गांव में ही एक कुतिया ने दोनों को जन्म दिया। जिसके बाद वह दोनों को अपने घर ले आई। घर लाकर दोनों का नाम लालू और भूरा रखा। अब एक साल पूरा होने पर उसका जन्मदिन मनाया। रेनू ने बताया कि उसका पूरा परिवार और आसपास के लोग दोनों कुत्तों को बहुत प्यार करते हैं। लालू और भूरा उनसभी के लिये बहुत लकी है, इसलिए जन्मदिन पर दिल खोलकर खर्च किया। रिश्तेदारों को आमंत्रित किया।

Share this story