×

UP Bomb Threat: दिवाली से पहले अयोध्या, काशी और मथुरा को बम से उड़ाने की धमकी, ‘काली दिवाली’ मनाने की चेतावनी से अलर्ट सुरक्षा एजेंसियां

UP Bomb Threat: दिवाली से पहले अयोध्या, काशी और मथुरा को बम से उड़ाने की धमकी, ‘काली दिवाली’ मनाने की चेतावनी से अलर्ट सुरक्षा एजेंसियां

उत्तर प्रदेश। दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक शहर अयोध्या, वाराणसी (काशी) और मथुरा को बम धमाकों से दहलाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है। धमकी भरे ई-मेल में 8 नवंबर को ‘काली दिवाली’ मनाने और 27 नवंबर 2026 तक लगातार धमाके करने की चेतावनी दी गई है।

मेल में धार्मिक स्थलों, स्कूलों और सरकारी परिसरों को निशाना बनाने की बात कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

अयोध्या कोर्ट की ई-मेल आईडी पर भेजा गया धमकी भरा संदेश

जानकारी के मुताबिक, 4 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:25 बजे अयोध्या जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा ई-मेल भेजा गया। यह मेल ‘स्लेटर जॉन्सन’ और ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। ई-मेल में 8 नवंबर को ‘Black Diwali’ यानी ‘काली दिवाली’ मनाने की बात कहते हुए 27 नवंबर तक धमाकों की धमकी दी गई है।

काशी के स्कूल और मथुरा के धार्मिक स्थल निशाने पर

धमकी भरे मेल में अयोध्या जिला न्यायालय परिसर के अलावा वाराणसी के स्कूलों और धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की बात कही गई है। वहीं मथुरा के धार्मिक स्थलों को भी धमकी में शामिल किया गया है।

इसके साथ ही अंबेडकरनगर के कुछ कॉलेजों, जिनमें रेडियंट कॉलेज, नवदीप कॉलेज और परमा एकेडमी के नाम सामने आए हैं, को भी धमकी दी गई है। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के शो को लेकर भी धमकी का जिक्र किया गया है।

सीजेएम ने एसएसपी को लिखा पत्र, कचहरी की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

धमकी मिलने के बाद अयोध्या के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) पीयूष त्रिपाठी ने एसएसपी को पत्र लिखकर जिला न्यायालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी है। स्कूलों, मंदिरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर एंटी-सबोटेज जांच और पुलिस गश्त तेज किए जाने की जानकारी सामने आई है।

यूपी एटीएस और साइबर सेल कर रही जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश एटीएस और साइबर सेल धमकी भरे ई-मेल की जांच में जुटी हैं। जांच एजेंसियां ई-मेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस, डिजिटल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। पुलिस प्रशासन सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है।

दिवाली से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बढ़ी चिंता

अयोध्या, वाराणसी और मथुरा जैसे धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों में दिवाली के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में धमकी भरे ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बढ़ गई है। फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की सत्यता और धमकी के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी हैं।

प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। हालांकि, धमकी को लेकर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की जरूरत है।

Share this story