मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन पर काशी में शोक, दशाश्वमेध घाट पर हजारों लोगों ने किया दीपदान
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर धर्मनगरी काशी में भी शोक की लहर देखने को मिली। शनिवार को दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की दैनिक आरती के दौरान गंगा सेवा निधि की ओर से दिवंगत सावित्री देवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने दीपदान कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया।
मां गंगा की आरती के बीच आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने दीप प्रवाहित कर दिवंगत आत्मा की शांति एवं सद्गति की कामना की। साथ ही शोकाकुल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
दीपदान कर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
गंगा सेवा निधि के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने मां गंगा के तट पर दीपदान कर सावित्री देवी के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान दशाश्वमेध घाट का वातावरण श्रद्धा और शोक से भावुक नजर आया। श्रद्धालुओं ने बाबा काशी विश्वनाथ से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की।
गंगा सेवा निधि ने जताया शोक
गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने कहा कि ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि काशीवासी बाबा काशी विश्वनाथ और मां गंगा से परिवार को संबल देने की प्रार्थना करते हैं।
इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के सचिव सुरजीत सिंह, सचिव हनुमान यादव समेत संस्था के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप गंगा तट पर आयोजित इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में दीपदान के माध्यम से श्रद्धा, संवेदना और सामूहिक प्रार्थना का भाव व्यक्त किया गया।
