×

तुलसी घाट पर कल होगा आस्था का महासंगम, कालिया नाग के नौ फनों पर दिखेंगे मुरलीधर

तुलसी घाट पर कल होगा आस्था का महासंगम, कालिया नाग के नौ फनों पर दिखेंगे मुरलीधर

 वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में शुक्रवार को गंगा तट पर द्वापर युग की ऐतिहासिक लीला जीवंत होगी। कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर तुलसी घाट में विश्वप्रसिद्ध नागनथैया लीला का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण कालिया नाग का मर्दन कर यमुना में विषैले जल से लोगों को मुक्ति दिलाने की पौराणिक कथा को साकार करेंगे। इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

 

काशी की प्रसिद्ध लक्खा मेलों में शामिल नागनथैया लीला की परंपरा करीब 500 वर्ष पुरानी है। मान्यता है कि 16वीं शताब्दी में गोस्वामी तुलसीदास ने इस अनूठी कृष्णलीला की शुरुआत की थी। संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र के अनुसार, गोस्वामी तुलसीदास ने रामलीला के साथ ही इस विशिष्ट कृष्णलीला का भी सूत्रपात किया था। तब से अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास के तत्वावधान में यह परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।

 

लीला के दौरान पारंपरिक दोहों और चौपाइयों का सस्वर पाठ किया जाता है। आयोजन की एक खास परंपरा काशिराज परिवार से भी जुड़ी है। काशिराज परिवार के कुंवर अनंत नारायण सिंह शाही बजड़े पर सपरिवार पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करते हैं और विशेष नजराना अर्पित करते हैं।

तैयारियों के तहत तुलसी घाट पर काष्ठ से निर्मित विशाल कालिया नाग को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस वर्ष भी नाग की पूंछ लगभग 25 फीट लंबी बनाई गई है। उसके नौ फन हैं और प्रत्येक फन की ऊंचाई व चौड़ाई करीब साढ़े तीन फीट रखी गई है। लीला के दौरान इस विशाल नाग को बांस के सहारे गंगा के पानी में स्थापित किया जाएगा।

13 नवंबर को दोपहर तीन बजे होगा मुख्य आयोजन

अखाड़ा गोस्वामी तुलसीदास की ओर से आयोजित श्रीकृष्ण लीला के तहत नागनथैया का मंचन 13 नवंबर को दोपहर तीन बजे तुलसी घाट पर होगा। इस दौरान कदंब के वृक्ष से भगवान श्रीकृष्ण स्वरूप बालक गंगा में छलांग लगाएंगे और कुछ क्षण बाद कालिया नाग के फनों पर बांसुरी बजाते हुए प्रकट होंगे। यह दृश्य काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का प्रमुख आकर्षण माना जाता है।

Share this story