बंद पड़े स्कूल के खंडहर में मिला युवक का शव, इलाके में सनसनी! परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
गाजीपुर। जनपद के कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गंगौली गांव के पश्चिमी छोर पर स्थित एक बंद पड़े स्कूल के खंडहर में युवक का शव मिलने की सूचना सामने आई। खंडहर से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो अंदर युवक की लाश पड़ी मिली। घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर जुट गए और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही कासिमाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान हसनपुर गांव निवासी 18 वर्षीय बाला लखनदर पुत्र गोविंद राम के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि युवक 24 मई से घर से लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था और उससे तेज दुर्गंध उठ रही थी। घटनास्थल के आसपास युवक के कपड़े भी बिखरे पड़े मिले, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतक के पिता गोविंद राम ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कर शव को खंडहर में फेंका गया है। परिजनों का कहना है कि शव पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे, वहीं जलाने जैसी स्थिति के भी संकेत मिले हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण हत्या की आशंका जताते हुए जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।
