बरेली में आंधी का कहर! टीनशेड के साथ हवा में उड़ा युवक, बोला “कुछ समझ आता उससे पहले रस्सी टूट गई”
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार शाम आई तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ उखड़ गए, मकान क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोगों की जान भी चली गई। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। वीडियो में एक युवक टीनशेड के साथ हवा में कई फीट ऊपर उड़ता दिखाई दे रहा है।
वायरल वीडियो में दिख रहा युवक अब अस्पताल में भर्ती है और उसने उस खौफनाक घटना की पूरी कहानी बताई है। घायल युवक नन्हे ने बताया कि वह कुछ लोगों के साथ गाड़ी से सामान लेकर आया था। उस समय मौसम अचानक खराब होने लगा और तेज बादल छा गए। सामान उतारने के बाद सभी लोग खुद को बचाने के लिए पास के टीनशेड के नीचे रुक गए।
नन्हे ने बताया कि अचानक तेज तूफानी हवा चलने लगी। खुद को संभालने के लिए उन्होंने गाड़ी पकड़ ली और पास में बंधी रस्सी को थाम लिया, लेकिन कुछ ही सेकंड में तेज झोंकों के कारण रस्सी टूट गई और वह टीनशेड के साथ हवा में उड़ गए।
देखे वीडियो...
घायल युवक के मुताबिक, उसे यह तक महसूस नहीं हुआ कि वह कितनी ऊंचाई तक पहुंच गया था। जब होश संभला तो वह करीब 50 फीट दूर खेत में गिरा पड़ा था। उसके साथ मौजूद अन्य लोग नीचे गिर गए, लेकिन वह टीन के साथ हवा में काफी दूर तक चला गया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे देखकर दंग रह गए। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हादसा बेहद डरावना था और युवक की जान बाल-बाल बची। फिलहाल घायल युवक का इलाज चल रहा है।
मौसम विभाग ने भी प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न होने की अपील की है।
