×

सोनभद्र में बारिश का असर! ओबरा डैम का गेट खुला, तटवर्ती इलाकों में बढ़ी सतर्कता

सोनभद्र में बारिश का असर! ओबरा डैम का गेट खुला, तटवर्ती इलाकों में बढ़ी सतर्कता
सोनभद्र में बारिश का कहर! ओबरा डैम का गेट खुला, रेणुका नदी किनारे बढ़ी चिंता

सोनभद्र। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते ओबरा डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बुधवार देर रात जलस्तर 193.22 मीटर पहुंचने के बाद डैम का एक गेट खोलकर रेणुका नदी में पानी छोड़ा गया। रात 2:25 बजे गेट नंबर आठ को तीन फीट तक खोलने की कार्रवाई की गई। इसके बाद नदी के जलप्रवाह पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए प्रशासन और सिंचाई विभाग ने रेणुका नदी के तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने और जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखने को कहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, यदि डैम का जलस्तर निर्धारित सीमा से आगे बढ़ता है तो स्थिति के अनुसार अन्य गेट भी खोले जा सकते हैं। ऐसे में रेणुका नदी में पानी का बहाव बढ़ने की संभावना है, जिससे आसपास के निचले इलाकों में जलभराव का खतरा बढ़ सकता है।

डैम के जलस्तर और नदी में छोड़े जा रहे पानी की मात्रा पर संबंधित विभागों की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share this story