×

Pawan Singh Jyoti Singh Case: भरण-पोषण मामले में फिर कोर्ट नहीं पहुंचे पवन सिंह, ज्योति सिंह का बयान दर्ज

pawan-singh-jyoti-singh-maintenance-case-court-hearing

बलिया। भोजपुरी अभिनेता और बिहार विधान परिषद के सदस्य पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे भरण-पोषण विवाद में बृहस्पतिवार को अपर प्रधान न्यायाधीश पारिवारिक न्यायालय में सुनवाई हुई। इस दौरान ज्योति सिंह अदालत में उपस्थित हुईं, जबकि पवन सिंह एक बार फिर कोर्ट नहीं पहुंचे। उनकी ओर से अधिवक्ता ने पक्ष रखा। सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह का दो पन्नों का बयान दर्ज किया गया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए तीन दिसंबर की तारीख तय की है।

पवन सिंह की लगातार गैरमौजूदगी का मुद्दा पिछली सुनवाई में भी उठा था। उस समय अदालत ने उनकी अनुपस्थिति पर तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया था। उनके अधिवक्ता की ओर से जुर्माने की राशि जमा करा दी गई थी। इसके बावजूद बृहस्पतिवार को हुई सुनवाई में भी पवन सिंह स्वयं अदालत में उपस्थित नहीं हुए।

अदालत परिसर के बाहर ज्योति सिंह ने मीडिया से बातचीत में इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि अदालत की ओर से बार-बार बुलाए जाने के बाद भी पवन सिंह उपस्थित नहीं हो रहे हैं। ज्योति ने कहा कि वह लंबे समय से न्याय के लिए प्रयास कर रही हैं, लेकिन उनकी परेशानी पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने पवन सिंह पर पद और आर्थिक ताकत का इस्तेमाल कर उन्हें परेशान करने का आरोप भी लगाया। साथ ही उनके सार्वजनिक पद की गरिमा को लेकर सवाल उठाए।
 

पवन सिंह और ज्योति सिंह की शादी छह मार्च 2018 को हुई थी। ज्योति सिंह बलिया शहर के मिड्ढी निवासी रामबाबू सिंह की पुत्री हैं। शादी के कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। इसके बाद पवन सिंह ने बिहार के आरा स्थित पारिवारिक न्यायालय में तलाक की अर्जी दाखिल की। वहीं, ज्योति सिंह ने 22 अप्रैल 2022 को बलिया फैमिली कोर्ट में अंतरिम भरण-पोषण के लिए याचिका दायर की थी। इसमें उन्होंने मुकदमे के निस्तारण तक दो लाख रुपये प्रतिमाह भरण-पोषण दिए जाने की मांग की है।

ज्योति सिंह ने अपनी याचिका और शिकायत में पवन सिंह पर मानसिक एवं शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शादी के बाद विवाद बढ़ने पर उन्हें मायके लौटना पड़ा। इन आरोपों पर अभी अंतिम न्यायिक निर्णय नहीं हुआ है।

विवाद को सुलझाने के लिए अदालत की ओर से दोनों पक्षों की काउंसिलिंग भी कराई गई थी, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। फिलहाल भरण-पोषण का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। अब तीन दिसंबर को होने वाली सुनवाई पर दोनों पक्षों की आगे की दलीलों और न्यायालय की कार्यवाही पर नजर रहेगी।

Share this story