×

मीरजापुर में गंगा ने पकड़ी रफ्तार, जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट

मीरजापुर में गंगा ने पकड़ी रफ्तार, जलस्तर बढ़ने से प्रशासन अलर्ट
मीरजापुर में तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर, 24 घंटे में 27 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी, प्रशासन सतर्क

मीरजापुर। जिले में पिछले दिनों हुई लगातार वर्षा का असर अब गंगा के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है। पहाड़ी क्षेत्रों और छोटी नदियों-नालों से लगातार पानी आने के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में गंगा का जलस्तर 27 सेंटीमीटर बढ़कर सोमवार सुबह आठ बजे 66.470 मीटर दर्ज किया गया। जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

जलस्तर बढ़ने के साथ ही गंगा के किनारे का स्वरूप भी बदलने लगा है। जहां कुछ दिन पहले तक दूर-दूर तक रेत दिखाई दे रही थी, वहां अब पानी फैलने लगा है। गंगा में पानी बढ़ने से किसानों ने राहत की सांस ली है। साथ ही पंप कैनाल और नगर में अमृत योजना के तहत पेयजल आपूर्ति के लिए भी पर्याप्त पानी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

आंकड़ों के अनुसार, 14 जुलाई को गंगा का जलस्तर 61.050 मीटर था, जो 18 जुलाई तक बढ़कर 65.077 मीटर पहुंच गया। इसके बाद 20 से 25 जुलाई के बीच जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई, लेकिन अब एक बार फिर इसमें तेजी से वृद्धि होने लगी है। 26 जुलाई को जलस्तर 66.200 मीटर था, जो 27 जुलाई को बढ़कर 66.470 मीटर हो गया।

गंगा का चेतावनी स्तर 76.724 मीटर तथा खतरे का निशान 77.724 मीटर निर्धारित है। हालांकि वर्तमान जलस्तर अभी खतरे के निशान से काफी नीचे है, फिर भी प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में गंगा का जलस्तर 78.46 मीटर तक पहुंच गया था, जो खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया था।

Share this story