दिल्ली की घटना के विरोध में मीरजापुर में छात्रों का धरना, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठी मांग
मीरजापुर। दिल्ली में छात्राओं के साथ कथित बर्बरता और उनके आंदोलन पर हुई कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को मीरजापुर में छात्र-छात्राओं ने शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाने वाले छात्रों के साथ किसी भी प्रकार का दमन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
धरने में शामिल छात्र-छात्राओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में मीरजापुर में इससे भी व्यापक छात्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कथित दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों का तत्काल समाधान किए जाने की मांग उठाई गई।
धरना-प्रदर्शन को देखते हुए कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और पूरे समय कानून-व्यवस्था सामान्य बनी रही।
