अखिलेश यादव का पुतला दहन मामले पर सपा का प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
मिर्जापुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का पुतला दहन किए जाने के विरोध में गुरुवार को मिर्जापुर जिला मुख्यालय पर सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
पार्टी नेताओं ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी एवं पुलिस उपाधीक्षक (नगर) को सौंपा।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने कहा कि 28 जुलाई को संकटमोचन तिराहे पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा अखिलेश यादव का पुतला दहन किया गया, जो कानून और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ 24 घंटे के भीतर मुकदमा दर्ज किया जाए।
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी जिलेभर में विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन अभियान चलाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस की होगी।
पार्टी के जिला महामंत्री आदर्श यादव ने कहा कि इस घटना से समाजवादी पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे कृत्यों से जिले का सामाजिक और राजनीतिक माहौल प्रभावित हो सकता है।
प्रदर्शन में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामराज पटेल, शिवशंकर सिंह यादव, एडवोकेट सुरेन्द्र सिंह पटेल, गुलाब चंद्र यादव, अशोक यादव, आशीष यादव, रोहित शुक्ला, कीर्ति कोल, डॉ. शक्ति श्रीवास्तव, अनीस खान, बलराम यादव, अभय यादव, सलीम बादशाह सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नोट: समाचार लिखे जाने तक इस मामले में जिला प्रशासन या पुलिस की ओर से ज्ञापन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
