×

वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र सिंह का निधन, मीरजापुर की पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

वरिष्ठ पत्रकार धीरेन्द्र सिंह का निधन, मीरजापुर की पत्रकारिता जगत में शोक की लहर

मीरजापुर। जनपद के वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार धीरेन्द्र सिंह का रविवार को उपचार के दौरान निधन हो गया। वह पिछले लगभग छह माह से कैंसर से पीड़ित थे और लीलावती अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनके निधन की खबर मिलते ही मीरजापुर सहित पूरे विंध्य क्षेत्र के पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

करीब 53 वर्षीय धीरेन्द्र सिंह पिछले दो दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय थे। वर्तमान में वह दैनिक "समाचार ज्योति" से जुड़े हुए थे। अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने जनहित से जुड़े मुद्दों, विकास कार्यों और क्षेत्रीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

धीरेन्द्र सिंह अपनी सरल, मिलनसार और हंसमुख कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनकी निर्भीक और निष्पक्ष लेखनी ने उन्हें पत्रकारिता जगत में एक अलग पहचान दिलाई। सहकर्मियों और समाज के विभिन्न वर्गों में उनकी विशेष प्रतिष्ठा थी।

उनके निधन पर सूचना विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित पत्रकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया। जिला सूचना अधिकारी ओम प्रकाश उपाध्याय ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि धीरेन्द्र सिंह का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

धीरेन्द्र सिंह के निधन से मीरजापुर की पत्रकारिता ने एक समर्पित, संवेदनशील और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध पत्रकार को खो दिया है।

Share this story