मीरजापुर में पुलिस-आबकारी की बड़ी कार्रवाई, 15 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
मीरजापुर। जनपद के चिल्ह थाना क्षेत्र में पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 लाख रुपये मूल्य की 2704 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान बिहार के रहने वाले दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर नीतेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में थाना चिल्ह पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पुराना बाड़ा में पिकअप वाहन UP 65 RT 2856 को रोककर तलाशी ली।
वाहन की तलाशी में कुल 2704 बोतल (करीब 520 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें आफ्टर डार्क ब्लू, मैजिक मूवमेंट और रॉयल स्टैग ब्रांड की बोतलें शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार सिन्हा और जैकी कुमार निवासी अरवल (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के मऊगंज (सीधी) से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस बार भी शराब की खेप बिहार ले जाई जा रही थी, लेकिन रास्ते में पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं 60/63/72 के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। वहीं, तस्करी में इस्तेमाल किए गए पिकअप वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
संयुक्त कार्रवाई में थाना चिल्ह पुलिस और आबकारी विभाग की टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
