×

Mirzapur News: रबी विपणन 2026-27 की समीक्षा में डीएम सख्त, गेहूं भंडारण और NFSA उठान में तेजी लाने के निर्देश

मीरजापुर में डीएम पवन कुमार गंगवार ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 की समीक्षा बैठक में गेहूं भंडारण, FCI डिपो में सम्प्रदान और NFSA खाद्यान्न उठान में तेजी लाने के निर्देश दिए। 17,600 मीट्रिक टन गेहूं के शीघ्र भंडारण पर जोर दिया गया।

मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनपद के सभी संस्था प्रभारियों और डिपो प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में गेहूं भंडारण, भारतीय खाद्य निगम (FCI) डिपो में सम्प्रदान तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के अंतर्गत खाद्यान्न उठान की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जनपद में खरीदे गए गेहूं का शीघ्र भंडारण सुनिश्चित किया जाए ताकि आगामी धान खरीद और उर्वरकों के भंडारण में किसी प्रकार की समस्या न हो। समीक्षा के दौरान बताया गया कि 46,620.48 मीट्रिक टन गेहूं खरीद के मुकाबले अब तक 29,020.48 मीट्रिक टन गेहूं भारतीय खाद्य निगम डिपो में जमा कराया जा चुका है, जबकि 17,600 मीट्रिक टन गेहूं अभी भी विभिन्न खरीद केंद्रों पर अवशेष है।

इस पर डीएम ने भारतीय खाद्य निगम और राज्य भंडारागार निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक श्रमिकों की व्यवस्था कर शेष गेहूं का भंडारण जल्द से जल्द पूरा कराया जाए। इसके लिए विभिन्न डिपो पर अतिरिक्त श्रमिक तैनात करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में सहकारिता विभाग को निर्देश दिए गए कि बी-पैक्स समितियों में रखे गेहूं का शीघ्र उठान कर गोदाम खाली कराए जाएं, जिससे आगामी धान सीजन के लिए रासायनिक उर्वरकों का सुरक्षित भंडारण किया जा सके।

जिलाधिकारी ने NFSA के तहत अगस्त 2026 के खाद्यान्न उठान में तेजी लाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि उपलब्ध वाहनों का अधिकतम उपयोग करते हुए समयबद्ध तरीके से खाद्यान्न का उठान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भंडारण क्षमता बनी रहे।

बारिश के मौसम को देखते हुए डीएम ने सभी एजेंसियों को खरीद केंद्रों पर त्रिपाल और अन्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि गेहूं को वर्षा से किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार सिंह, भारतीय खाद्य निगम वाराणसी के क्षेत्र प्रबंधक अनुराग रंजन, जिला खाद्य विपणन अधिकारी संजीव कुमार सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक (सहकारिता) अमित कुमार पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share this story