×

मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद

मीरजापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 लाख की अंग्रेजी शराब बरामद​​​​​​​
 बिहार भेजी जा रही थी 20 लाख की शराब, मीरजापुर पुलिस ने पकड़ी बड़ी खेप

मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अहरौरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 20 लाख रुपये मूल्य की 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार करते हुए तस्करी में प्रयुक्त दो लग्जरी वाहनों को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर अहरौरा वनस्थली महाविद्यालय के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान टाटा सफारी (JH05AE6786) तथा स्कोडा कार (BR06DQ9078) को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से विभिन्न ब्रांडों की कुल 488 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे मीरजापुर की विभिन्न शराब दुकानों से शराब खरीदकर बिहार में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से तस्करी करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस की निगरानी से बचने के लिए वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी। मामले में मीरजापुर के अदलहाट निवासी अनिल यादव, जो जिगना स्थित कंपोजिट वाइन शॉप पर सेल्समैन है, की भूमिका भी सामने आई है।

पुलिस ने इस मामले में सूर्य प्रताप शुक्ला निवासी गढ़वा (झारखंड), अनिल यादव निवासी अदलहाट (मीरजापुर) तथा सत्यम कुमार निवासी गढ़वा (झारखंड) को गिरफ्तार किया है।

बरामदगी में 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब, एक टाटा सफारी, एक स्कोडा कार तथा अन्य संबंधित सामग्री शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना अहरौरा में आबकारी अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

मीरजापुर पुलिस ने बताया कि जनपद में अवैध शराब तस्करी एवं संगठित अपराध के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share this story