×

मिर्जापुर भीषण सड़क हादसा! ड्रमंडगंज घाटी में मौत का तांडव, 12 जिंदगियां खाक,बच्चों के शव देख फफक पड़े लोग

मिर्जापुर भीषण सड़क हादसा! ड्रमंडगंज घाटी में मौत का तांडव, 12 जिंदगियां खाक,बच्चों के शव देख फफक पड़े लोग

मिर्जापुर।  रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी बुधवार की रात चीखों और आग की लपटों से दहल उठी। एक अनियंत्रित ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुए 'चेन एक्सीडेंट' ने 12 लोगों की जान ले ली। इस हृदयविदारक घटना में बोलेरो सवार 9 लोग जिंदा जल गए, जिनमें दो मासूम बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। गुरुवार सुबह जब पोस्टमार्टम हाउस में इन शवों को लाया गया, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

कैसे हुआ रूह कंपा देने वाला हादसा?

हादसा बुधवार रात करीब 8 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, घाटी से गिट्टी लदा एक ट्रेलर नीचे उतर रहा था, जिसके पीछे एक स्विफ्ट कार थी। तभी पीछे से आ रहे दाल लदे ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। ट्रक ने पहले स्विफ्ट कार को टक्कर मारी, जिससे कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी।

तभी पीछे से आ रही एक बोलेरो भी ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो में तुरंत आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो सवार लोग करीब 10 मिनट तक मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन आग की भीषण लपटों के कारण कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका।

मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों की टक्कर, ड्राइवर-खलासी की मौत |  Mirzapur road accident two trucks collision driver helper dead badka ghuman  mod

दमकल की मशक्कत और भयावह मंजर

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक और जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की दो गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग बुझाई। जब बोलेरो का दरवाजा खोला गया, तो अंदर का मंजर देख अधिकारियों के भी रोंगटे खड़े हो गए। आग में जलने के कारण शवों की हड्डियां तक राख हो चुकी थीं।

मरने वालों की सूची (कुल 12 मौतें):

हादसे में जान गंवाने वाले मुख्य रूप से मिर्जापुर और मध्य प्रदेश के निवासी थे:

  • बोलेरो सवार (जिंदा जले): प्रियंका सिंह (42), कार्तिकेय सिंह (19), पीयूष सिंह (14), पंकज सिंह (40), बीना सिंह (47), वंदना सिंह (43), शिवा सिंह (8), सोनम सिंह (9) और चालक विष्णु सिंह (45)।

  • अन्य मृतक: स्विफ्ट कार चालक जयप्रकाश (28), ट्रक खलासी विकास शर्मा (32) और ट्रक चालक अजीज खान (46), जिसकी गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।

"प्रथम दृष्टया यह हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने की वजह से हुआ है। चारों वाहनों की पहचान कर ली गई है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।" — अपर्णा रजत कौशिक, एसपी मिर्जापुर

Share this story