Mirzapur News: संचारी रोग अभियान पर डीएम पवन कुमार गंगवार सख्त, बोले- स्वास्थ्य मानकों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मीरजापुर। मीरजापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक कर स्वास्थ्य विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े अभियानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी निर्धारित स्वास्थ्य मानकों पर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और टीबी जैसी बीमारियों की रोकथाम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर नियमित एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग और साफ-सफाई अभियान चलाया जाए।
डीएम ने स्वास्थ्य टीमों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को कूलर, गमलों, टायरों और अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने देने के प्रति जागरूक करें। साथ ही दस्तक अभियान के दौरान बुखार से पीड़ित लोगों की पहचान कर उनका तत्काल स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए।
उन्होंने टीबी नियंत्रण अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि दो सप्ताह से अधिक समय से खांसी, रात में बुखार या वजन कम होने जैसे लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उनका स्पुटम टेस्ट कराया जाए और पात्र मरीजों को डॉट्स उपचार तथा निक्षय पोषण योजना से जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने नगर विकास, पंचायती राज, शिक्षा और बाल विकास विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल कागजी प्रगति नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर अभियान के परिणाम दिखाई देने चाहिए। इसके लिए स्कूलों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
