मीरजापुर में 8 होमगार्ड जवानों को भावभीनी विदाई, जिला कमांडेंट ने किया सम्मानित
मीरजापुर। जनपद मीरजापुर में सेवानिवृत्त हुए आठ होमगार्ड जवानों को विंध्य प्रशासनिक भवन, विंध्याचल में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में जिला कमांडेंट विंध्याचल पाठक ने सभी जवानों को सम्मानित करते हुए उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल की सराहना की तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं दीं।
विदाई समारोह में सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान तीरथ सिंह, शिवनाथ, दशरथ, रमाशंकर, महेंद्र सिंह, लक्ष्मी सिंह, विमलेश जायसवाल और प्रमिला श्रीवास्तव को अंगवस्त्र, धार्मिक पुस्तक, छाता, टॉर्च, मिठाई तथा ट्रॉली बैग भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला कमांडेंट विंध्याचल पाठक ने कहा कि होमगार्ड जवानों ने वर्षों तक पूरी निष्ठा और ईमानदारी से समाज एवं प्रशासन की सेवा की है। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्हें स्वस्थ रहकर सामाजिक गतिविधियों और सकारात्मक कार्यों से जुड़े रहना चाहिए।
कार्यक्रम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी यादगार बना दिया। होमगार्ड जवान दिनेश ने तीन भजन और एक विदाई गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। वहीं सेवानिवृत्त महिला होमगार्ड श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने भी भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आध्यात्मिक माहौल बना दिया।
समारोह में मनोज कुमार उपाध्याय, सुखचंद मिश्र, नगर कंपनी-3 एवं महिला प्लाटून की महिला होमगार्ड जवानों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जसवंत लाल, प्लाटून कमांडर नगर कंपनी-3, विंध्याचल द्वारा किया गया।
सेवानिवृत्त जवानों ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए विभाग और साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सभी के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना के साथ हुआ।
