×

मीरजापुर में दूसरे दिन भी कांग्रेस नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट, शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग तेज

मीरजापुर में दूसरे दिन भी कांग्रेस नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट, शिक्षा मंत्री की बर्खास्तगी की मांग तेज

मीरजापुर। शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं, बार-बार पेपर लीक की घटनाओं तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन से पहले मीरजापुर में कांग्रेस नेताओं को दूसरे दिन भी हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सरकार की कार्रवाई की निंदा करते हुए अपनी मांगों को दोहराया।

अनुसूचित जाति कांग्रेस के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी ने कहा कि जिस शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में लगातार पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और लाखों युवाओं के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े हुए हों, उसे पद पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भगवान दत्त पाठक उर्फ राजन पाठक तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं प्रवक्ता मिन्हाज अहमद 'छोटे खान' ने कहा कि कांग्रेस की मांग स्पष्ट है कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल बर्खास्त किया जाए। साथ ही परीक्षा अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय की जाए तथा देश के युवाओं का शिक्षा एवं परीक्षा व्यवस्था पर विश्वास बहाल करने के लिए ठोस और प्रभावी सुधार लागू किए जाएं।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य गोपाल चौधरी, दुर्गा प्रसाद चौधरी, दीपचंद जैन, विधि सिंह, इतिहास अंसारी, श्रीकांत मिश्रा, किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आनंद त्रिपाठी, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव राजेंद्र विश्वकर्मा, रामशाही सिंह एडवोकेट एवं डॉ. दिनेश चौधरी सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this story