×

मीरजापुर में नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

मीरजापुर के अदलहाट थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में आरोपी भरत राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

मीरजापुर। अदलहाट थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 18 जून 2026 को अदलहाट थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने के संबंध में नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर थाना अदलहाट में मु.अ.सं. 195/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), क्षेत्राधिकारी चुनार एवं प्रभारी निरीक्षक अदलहाट को आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसी क्रम में रविवार को अपराध निरीक्षक रामप्रीत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए भरत राम, पुत्र मिश्रीलाल, निवासी ग्राम लिक्षरी, थाना अदलहाट, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 65(1), 137(2), 87 बीएनएस तथा 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया नियमानुसार जारी है।

Share this story