मिर्जापुर की खदान में बड़ा हादसा, पोकलैंड की चपेट में आकर मुंशी की मौत
मिर्जापुर। अहरौरा क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बना दिया। भाजपा नेता छत्रबली सिंह के भाई श्यामजी सिंह की खदान पर काम कर रहे मुंशी की पोकलैंड मशीन की चपेट में आकर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
शव हटाकर भागने की कोशिश, ग्रामीणों ने रोका
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खदान प्रबंधन मृतक का शव हटाकर घटना को दबाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने खदान मैनेजर को पकड़ लिया और कड़ा विरोध जताया।
लगातार हादसों से सवालों के घेरे में खदानें
ग्रामीणों ने खनन माफियाओं पर बेखौफ होकर नियमों को ताक पर रखकर काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि खदानों में सुरक्षा के इंतज़ाम न होने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खनन कारोबार नियमों से परे और सुरक्षित संरक्षण में चल रहा है।
कुछ दिन पहले भी हुई थी मौत
इसी खदान में दो दिन पहले बुधवार रात जय हिंद यादव (25), निवासी मुबारकपुर चकिया, की भी मौत हुई थी। पुलिस का दावा है कि वह ऊंचाई से गिरकर मरा, लेकिन मजदूरों ने इसे संदिग्ध बताते हुए कहा कि मामला दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने खदान प्रबंधन पर सुरक्षा में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच की मांग की।
योगी सरकार पर उठ रहे सवाल
लगातार दुर्घटनाओं और जिम्मेदारों पर कार्रवाई न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर खदानों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कौन कर रहा है?
यह घटनाएं खनन क्षेत्र की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की खुली पोल दिखा रही हैं। पुलिस जांच कर रही है, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सख्त कार्रवाई नहीं होगी, हादसे रुकने वाले नहीं हैं।
