मिर्जापुर में 75 लाख की शराब बरामद, लग्जरी कारों से बिहार जा रही थी खेप
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 75 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जो लग्जरी कारों में शराब छिपाकर बिहार ले जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अहरौरा थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए ग्राम हिनौता स्थित लखनिया दरी मार्ग के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान तीन संदिग्ध चार पहिया वाहनों को रोका गया। तलाशी लेने पर वाहनों से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना निवासी सूरज कुमार, सारण निवासी आकाश कुमार और नालंदा निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। तीनों बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग ब्रांड की 1075 बोतल अंग्रेजी शराब लेकर बिहार जा रहे थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बिहार में शराबबंदी होने के कारण वहां ऊंचे दाम पर शराब बेचने की योजना थी। तस्करी के लिए कारों के नंबर प्लेट तक बदले गए थे ताकि पुलिस को शक न हो।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अहरौरा थाने में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की गई तीनों लग्जरी कारों को भी जब्त कर लिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।
