शेमफोर्ड स्कूल, नटवा में इन्वेस्टिचर सेरेमनी सम्पन्न, छात्र पदाधिकारियों ने ली नेतृत्व की शपथ
मिर्जापुर। शेमफोर्ड स्कूल, नटवा में शुक्रवार को इन्वेस्टिचर सेरेमनी एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी एवं नेतृत्व क्षमता वाले छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और अनुशासन के साथ दायित्व निभाने की शपथ दिलाई गई।
समारोह के दौरान स्कूल कैप्टन, स्कूल वाइस कैप्टन, डिसिप्लिन कैप्टन, स्पोर्ट्स कैप्टन, हाउस कैप्टन, सीसीए (CCA) कैप्टन, वाइस कैप्टन तथा वॉलंटियर सहित विभिन्न पदों पर चयनित विद्यार्थियों को बैज प्रदान किए गए। सभी छात्र पदाधिकारियों ने अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रश्मि बरनवाल ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्यालय और समाज का आदर्श प्रतिनिधि बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर विवेक बरनवाल ने कहा कि स्कूल केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने छात्र नेताओं को बधाई देते हुए कहा कि नेतृत्व एक सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के साथ समय बिताने और उनका मनोबल बढ़ाने की अपील भी की।
समारोह के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने सभी नव-नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन, सेवा-भाव एवं विद्यालय की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी नव-नियुक्त छात्र पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
