मिर्जापुर में बदमाश बेखौफ, पुलिस चौकी में घुसकर दरोगा और सिपाही की पिटाई, वीडियो वायरल...पांच गिरफ्तार
मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मंडलीय अस्पताल के पास एक ई-रिक्शा द्वारा टक्कर मारने के बाद दो पक्षों में विवाद हो गया था। एक पक्ष ने ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी, जिसके बाद दोनों पक्ष अस्पताल पुलिस चौकी पहुंच गए। अस्पताल चौकी की पुलिस जब पिटाई करने वालों को चौकी के अंदर लेकर गई, तो ई-रिक्शा पक्ष के लोग भी पुलिस चौकी पहुंच गए और उनके सामने ही हमला कर दिया।
पुलिस चौकी पर बवाल
कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर जमा हो गए और आरोप लगाया कि पुलिस ने ई-रिक्शा चालक पक्ष को भगा दिया है। इसी बात पर भीड़ की पुलिस से कहासुनी हो गई। इसके बाद करीब 50 लोगों की भीड़ चौकी में घुस गई और उन्होंने दरोगा व सिपाही के साथ हाथापाई की, उनकी वर्दी फाड़ दी और हेड कांस्टेबल कमलेश पासवान का सिर फोड़ दिया। हमलावरों द्वारा धमकी दी गई और किसी के पास पिस्टल होने की बात भी सामने आई।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी विवेक जावला और आसपास की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। चौकी प्रभारी मनोज कुमार राय की लिखित तहरीर पर भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी और विक्की उर्फ हरेन्द्र प्रताप सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपियों, भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी व विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है।
