×

गुरु पूर्णिमा 2026: मीरजापुर में 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम, DM-SP ने अधिकारियों को किया ब्रीफ

मीरजापुर के सक्तेशगढ़ परमहंस आश्रम में 29 जुलाई को आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह तैयार है। 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना के बीच सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मीरजापुर। 29 जुलाई 2026 को थाना चुनार क्षेत्र स्थित परमहंस आश्रम, सक्तेशगढ़ में आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उत्तर प्रदेश समेत राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार सहित विभिन्न राज्यों से 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

रविवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने चौकी सक्तेशगढ़ पहुंचकर ड्यूटी में तैनात जनपदीय एवं बाहरी जनपदों से आए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की।

इस दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

5 जोन और 14 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र

गुरु पूर्णिमा मेले के सुचारु संचालन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 5 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पुलिस बल, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, भंडारा स्थल, पार्किंग और प्रमुख संपर्क मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

ड्रोन से होगी निगरानी, कंट्रोल रूम और मेडिकल सुविधा भी तैयार

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली (PA System), वायरलेस संचार व्यवस्था, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था की गई है।

सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी, सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर एंटी रोमियो टीम भी लगाई गई है।

सिद्धनाथ दरी क्षेत्र में विशेष सतर्कता

प्रशासन ने सिद्धनाथ दरी क्षेत्र में झरनों और खतरनाक चट्टानों के पास श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सेल्फी लेने या जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचें तथा पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की सहयोग की अपील

जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति में निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से तुरंत संपर्क करने की अपील की है।

प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी गई हैं।

Share this story