×

वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और अधिकारों पर जोर, मिर्जापुर में संरक्षण संस्थान की मासिक बैठक संपन्न

मिर्जापुर में वरिष्ठ नागरिक संरक्षण संस्थान की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सरकारी योजनाओं का लाभ, जन-जागरूकता अभियान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

मिर्जापुर। वरिष्ठ नागरिक संरक्षण संस्थान, मिर्जापुर की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को संस्था के वरिष्ठ सदस्य मोहम्मद अशफाक खां के देवपुरवा स्थित आवास पर आयोजित की गई।

बैठक में संस्था के पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेश कुमार त्रिपाठी ने की। उन्होंने कहा कि समाज में वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

सरकार द्वारा संचालित योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, ट्रेन आरक्षण में रियायत, सरकारी बसों के किराये में छूट, अस्पतालों और बैंकों में अलग काउंटर तथा अधिकारियों से मिलने के लिए निर्धारित समय जैसी सुविधाओं का लाभ सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचे, इसके लिए संस्था सक्रिय रूप से कार्य करेगी।

संस्था ने निर्णय लिया कि निकट भविष्य में पूरे जनपद में जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा कि परिवार और समाज में बुजुर्गों के साथ सम्मानजनक व्यवहार हो तथा उनके साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार या उपेक्षा न हो।

बैठक में संस्था के सचिव महेश चंद यादव ने मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए संस्था की गतिविधियों और भविष्य की कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था लगातार वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है।

बैठक में सरदार भूपेन्द्र सिंह डंक, अजय कुमार मेहरोत्रा, अमरनाथ सिंह, विमला शंकर दुबे, गोपाल दास टंडन, अनुप गुप्ता, राजनाथ कुशवाहा, महबूब आलम, आफाक अहमद, वसीम अहमद, आजाद आलम, वरिष्ठ पत्रकार नेमत खां गुड्डू, अरशद खां, नसीम अहमद, शफ्क मिर्जापुरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद अशफाक खां ने किया।

Share this story