×

बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर डीएम सख्त, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

बेटियों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर डीएम सख्त, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर डीएम सख्त, विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण

मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार ने गुरुवार को मड़िहान क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन व्यवस्था और छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिक्षा की गुणवत्ता, छात्राओं के स्वास्थ्य, पोषण एवं साफ-सफाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जिलाधिकारी ने कक्षा 1, 7 और 8 सहित विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया तथा विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। कक्षा 8 में अधिकांश छात्राएं प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकीं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को शिक्षण स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं को पवन ऊर्जा, सौर ऊर्जा तथा अन्य ऊर्जा स्रोतों के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद किचन एवं छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इसके बाद जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय में छात्राओं से संवाद कर नीट, जेईई मेन एवं एडवांस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में सफलता केवल कठिन परिश्रम से नहीं, बल्कि सही रणनीति, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास से भी मिलती है। उन्होंने सलाह दी कि परीक्षा के दौरान पहले सरल प्रश्नों को हल करें, जिससे आत्मविश्वास बढ़ता है और कठिन प्रश्नों को हल करना आसान हो जाता है। साथ ही फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की नियमित तैयारी पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। यदि वे अनुशासन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के साथ तैयारी करें तो देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकती हैं। इस दौरान छात्राओं ने भी पढ़ाई, करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया।

विद्यालय परिसर में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने आम का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान छात्राओं के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं की भी गहन समीक्षा की गई। उपचार संबंधी अभिलेख मौके पर उपलब्ध न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नियमित रूप से ट्रीटमेंट रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्र को छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा डॉ. शिल्पी केसरवानी को सप्ताह में कम से कम एक दिन विद्यालय पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए।

रसोई एवं भोजन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने गुणवत्तापूर्ण एवं ताजी खाद्य सामग्री के उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को पौष्टिक एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही प्रत्येक 15 दिन पर खाद्य सामग्री एवं भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आश्रम पद्धति विद्यालय की दो छात्राओं ने आंखों से धुंधला दिखाई देने की शिकायत की। इसे गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल नेत्र परीक्षण कराकर समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा, नायब तहसीलदार राहुल कुमार मिश्र, खंड विकास अधिकारी राजगढ़, खंड विकास अधिकारी पटेहरा, क्षेत्राधिकारी मड़िहान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this story