×

जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं शिकायतें, UPTET-2026 परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

मिर्जापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जनता दर्शन में फरियादियों की शिकायतें सुनकर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इसके बाद UPTET 2026 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मिर्जापुर। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में मिर्जापुर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाएगी।

UPTET-2026 परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

जनता दर्शन के बाद जिलाधिकारी ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से ए.एस. जुबली इंटर कॉलेज, रमईपट्टी और आदर्श इंटर कॉलेज, विसुंदरपुर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, पेयजल, बिजली, शौचालय तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं

जिलाधिकारी ने स्टैटिक मजिस्ट्रेटों और केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान शासन की सभी गाइडलाइन का पूरी सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और परीक्षा की पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि किसी भी परीक्षा केंद्र पर अव्यवस्था या अनियमितता की सूचना मिलती है तो तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Share this story