कांवड़ यात्रा से पहले प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मीरजापुर। आगामी श्रावण मास में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ मड़िहान से कलवारी मार्ग होते हुए घोरावल स्थित शिव मंदिर तक जाने वाले कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मार्ग की स्थिति का जायजा लिया तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत एवं व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नहर पर बने पुल के दोनों ओर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग लगाने के भी निर्देश दिए गए।
इसके बाद अधिकारियों ने मीरजापुर-सोनभद्र सीमा पर ग्राम धुरकर स्थित बकहर नदी के पुल का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अधिक वर्षा की स्थिति में यदि पुल अथवा रपटा पर पानी बढ़ जाए तो कांवड़ यात्रियों के लिए सुरक्षित स्थान पर रुकने, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यदि लंबे समय तक जलभराव बना रहे तो धुरकर ग्राम पंचायत के बकसरा गांव होकर वैकल्पिक मार्ग से श्रद्धालुओं का आवागमन सुनिश्चित कराया जाए।
जिलाधिकारी ने बकसरा गांव से घोरावल मार्ग तक पैदल निरीक्षण कर सड़क को दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित कार्यदायी संस्था को दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समय रहते आवश्यक तैयारियां पूरी करें तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। मार्ग परिवर्तन की स्थिति में साइनेज बोर्ड लगाए जाएं तथा श्रद्धालुओं के ठहराव स्थलों पर पार्किंग, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मड़िहान संतोष कुमार ओझा, विद्युत विभाग एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी पटेहरा, राजगढ़ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
