मेरठ के टीपीनगर थाना क्षेत्र में एनएच-58 बाईपास स्थित एक होटल में पुलिस ने छापेमारी कर देह व्यापार के बड़े रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने होटल संचालकों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि मौके से तीन युवतियां भी बरामद हुईं।
पुलिस के अनुसार, “रूम टू होटल” में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियां चलने की शिकायत मिल रही थी। गुरुवार शाम करीब पांच बजे पुलिस टीम ने होटल में छापा मारा। मौके से दो ग्राहक और होटल का संचालन कर रहे दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव निवासी ब्रह्मपुरी, रोहन चौधरी निवासी भवी गांव जानी, प्रिंस उर्फ रॉयल निवासी वलीदपुर दौराला और अंकुर सिवाच निवासी खेड़ी दौराला के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि होटल को उन्होंने मुजफ्फरनगर निवासी अनुज बालियान से किराये पर लिया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिंस होटल के रिसेप्शन का काम संभालता था, जबकि अंकुर ग्राहकों और युवतियों को लाने तथा सौदे तय कराने का काम करता था।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि मौके से मिली युवतियां असम, पश्चिम बंगाल और लखनऊ की रहने वाली हैं और सभी बालिग हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल से आपत्तिजनक सामग्री, पेटीएम डिवाइस, चार मोबाइल फोन और 4100 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
