×

जन्माष्टमी से पहले योगी सरकार का श्रद्धालुओं को तोहफा, तीन दिन में करिए ब्रज के प्रमुख धामों के दर्शन

जन्माष्टमी से पहले योगी सरकार का श्रद्धालुओं को तोहफा, तीन दिन में करिए ब्रज के प्रमुख धामों के दर्शन
लखनऊ से ब्रज धाम तक धार्मिक सफर, तीन दिन में मथुरा-वृंदावन और बरसाना के दर्शन

लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले प्रदेश सरकार ने ब्रज आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष टूर पैकेज शुरू किया है। ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) की ओर से तीन दिन और दो रात का कृष्ण लीला टूर पैकेज तैयार किया गया है।

इस पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को मथुरा, वृंदावन, गोकुल, गोवर्धन और बरसाना के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। यात्रा की शुरुआत लखनऊ से सुबह आठ बजे होगी।

 तीन दिन में प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण

टूर पैकेज के तहत तीन दिनों में ब्रज के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों को शामिल किया गया है। श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन के साथ ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जानने का अवसर भी मिलेगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ कृष्ण ब्रज सर्किट को और मजबूत करना है। ‘विजिट माय स्टेट उत्तर प्रदेश’ अभियान के माध्यम से प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश के पर्यटकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

मथुरा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी

जयवीर सिंह के अनुसार ब्रज क्षेत्र में पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025 में मथुरा में 10.24 करोड़ से अधिक श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचे थे। वहीं ब्रज रंगोत्सव 2025 में 44 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था।

वर्ष 2026 के शुरुआती तीन महीनों में ही करीब 1.90 करोड़ पर्यटकों के ब्रज क्षेत्र पहुंचने का दावा किया गया है। पर्यटन विभाग के मुताबिक इससे ब्रज क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

 सेडान और क्रिस्टा का विकल्प

श्रद्धालुओं की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए टूर पैकेज में अलग-अलग वाहन विकल्प रखे गए हैं। AC सेडान वाहन के लिए प्रति व्यक्ति 10,400 रुपये, जबकि **क्रिस्टा वाहन के लिए प्रति व्यक्ति 10,150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

पैकेज के लिए कम से कम दो यात्रियों का होना जरूरी है। इसमें होटल में ठहरने, नाश्ता, जलपान, हाई टी, गाइड और निर्धारित स्थलों के भ्रमण की सुविधा शामिल है। हालांकि दोपहर और रात के भोजन का खर्च यात्रियों को स्वयं उठाना होगा।

 पहले दिन वृंदावन के मंदिरों के दर्शन

यात्रा के पहले दिन श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसमें बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, निधिवन, वैष्णो देवी मंदिर, अक्षय पात्र मंदिर और प्रेम मंदिर शामिल हैं।

दूसरे दिन मथुरा और गोकुल की यात्रा

दूसरे दिन श्रद्धालु मथुरा और गोकुल के धार्मिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। इस दौरान श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, भूतेश्वर महादेव मंदिर, गोवर्धन धाम संग्रहालय, गीता मंदिर, पोतरा कुंड और गोकुल गांव शामिल हैं।

तीसरे दिन बरसाना में राधारानी के दर्शन

यात्रा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं को बरसाना ले जाया जाएगा। यहां राधारानी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद इस्कॉन मंदिर और श्री राधा दामोदर मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

सुविधा और सुरक्षा पर जोर

राज्य पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष अमृत अभिजात ने कहा कि पैकेज को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रज की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Share this story