×

वाराणसी में आम लदी डीसीएम का कहर! बुजुर्ग की मौत, मुआवजे की मांग पर तीन घंटे जाम

वाराणसी के शिवपुर क्षेत्र में आम लदी डीसीएम की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों ने एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर तीन घंटे तक सड़क जाम किया।

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के सुद्धिपुर बाईपास पर सोमवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिसके बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया।

रोजी-रोटी कमाने निकले थे पिता-पुत्र

जानकारी के अनुसार, हटिया (बसकड़ा) निवासी छेदी लाल प्रजापति उर्फ घुरे लाल (65) अपने 35 वर्षीय बेटे काशी के साथ सोमवार सुबह करीब चार बजे मिट्टी के कुल्हड़ लेकर दुकानों पर सप्लाई देने निकले थे। इसी दौरान बाबतपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही आम से लदी डीसीएम ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छेदी लाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि काशी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सड़क पर फैली मिट्टी बनी हादसे की वजह

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुद्धिपुर चौराहे के पास निर्माण कार्य के लिए मुख्य सड़क पर मिट्टी डाली गई थी। तेज रफ्तार डीसीएम मिट्टी पर चढ़ते ही अनियंत्रित होकर पलट गई और पिता-पुत्र उसकी चपेट में आ गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

 

तीन महीने में परिवार पर दूसरी बड़ी त्रासदी

परिजनों ने बताया कि मृतक के बड़े बेटे बनारसी (45) की तीन महीने पहले ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी। अब पिता की मौत और दूसरे बेटे के गंभीर रूप से घायल होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार में पत्नी दुर्गावती, बहुएं रामवती और आरती समेत कुल 10 सदस्य हैं, जिनके सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

 

Varanasi News:आम लदी डीसीएम की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, बेटा गंभीर;  नाराज लोगों ने किया चक्काजाम - Elderly Man Dies After Hit By Mango-laden Dcm  Truck Son Critically Injured

एक करोड़ मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने गिलट बाजार-बाबतपुर मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की। सूचना पर एसडीएम नितिन सिंह, एसीपी अपूर्व पांडेय, एडीएम सिटी और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

वाराणसी में आम लदी डीसीएम का कहर! बुजुर्ग की मौत, मुआवजे की मांग पर तीन घंटे जाम

प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकारी सहायता और नियमानुसार मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे जाम समाप्त हुआ। इस दौरान लगभग तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

Share this story