×

यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला: चलती बस में लगी भीषण आग, 48 यात्रियों की जान बची

यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला: चलती बस में लगी भीषण आग, 48 यात्रियों की जान बची

मथुरा/नोहझील। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब Yamuna Expressway पर दौड़ रही एक प्राइवेट बस में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी 48 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

यह घटना नौहझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत माइलस्टोन 64 के पास गांव कटैलिया के समीप हुई। बस आगरा से नोएडा की ओर जा रही थी। अचानक बस से धुआं उठता देख स्थानीय निवासी यशपाल सिंह ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सोनू सिंह और उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

बताया जा रहा है कि बस में सवार यात्री Taj Mahal का भ्रमण कर दिल्ली लौट रहे थे। जैसे ही आग लगी, बस में चीख-पुकार मच गई और यात्री जान बचाने के लिए भागने लगे।

इस दौरान दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।

घटना के चलते कुछ समय के लिए एक्सप्रेस-वे पर यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया। सभी यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


समय रहते मिली सूचना और पुलिस-प्रशासन की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। अगर थोड़ी भी देर होती, तो यह घटना भयावह रूप ले सकती थी।

Share this story