×

थार-क्रेटा से हो रही थी हेरोइन की तस्करी, सोनभद्र पुलिस ने छह तस्करों को दबोचा

थार-क्रेटा से हो रही थी हेरोइन की तस्करी, सोनभद्र पुलिस ने छह तस्करों को दबोचा
 सोनभद्र में हेरोइन तस्करी का बड़ा खुलासा, 1.204 किलो नशीले पदार्थ के साथ छह गिरफ्तार

सोनभद्र। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि अभियान के तहत चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह कथित हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 1.204 किलोग्राम हेरोइन, छह मोबाइल फोन और 1,550 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल थार और क्रेटा वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को चोपन प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, एसओजी प्रभारी नागेश सिंह और डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम बसकटवा रेलवे ब्रिज के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रॉबर्ट्सगंज की ओर से दो वाहनों में सवार कुछ लोग हेरोइन लेकर आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद वाराणसी नंबर की एक क्रेटा और गौतमबुद्धनगर नंबर की एक थार वहां पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान थार से 696 ग्राम और क्रेटा से 508 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस तरह दोनों वाहनों से कुल 1.204 किलो मादक पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों वाहनों से छह मोबाइल फोन और 1,550 रुपये नकद भी बरामद किए। पुलिस के मुताबिक वाहनों के वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उन्हें मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। तस्करी में इस्तेमाल दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 34 लाख रुपये बताई गई है।

लखनऊ से हेरोइन लाकर सोनभद्र में करते थे सप्लाई

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे आपस में रुपये लगाकर लखनऊ से हेरोइन खरीदते थे और सोनभद्र के अलग-अलग क्षेत्रों में इसकी फुटकर बिक्री करवाते थे। बरामद खेप को अनपरा और ओबरा क्षेत्र में सप्लाई किए जाने की योजना थी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

छह आरोपियों की हुई गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डाला निवासी आयुष जायसवाल, धर्मवीर, सुधीर कुमार उर्फ छोटू, सूरज उर्फ अभिषेक, जितेंद्र कुमार और अनपरा थाना क्षेत्र के पूर्वी परासी निवासी दीपक साहू के रूप में हुई है।

सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ चोपन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी है।

कई आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। सुधीर कुमार उर्फ छोटू के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के चार, सूरज उर्फ अभिषेक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तीन और जितेंद्र कुमार के खिलाफ चोरी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में दो मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं धर्मवीर के खिलाफ बभनी थाने में बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि हेरोइन तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story