×

पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, जानिये क्या है पूरा मामला?

पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, जानिये क्या है पूरा मामला?

देवरिया। पूर्व आईपीएस अधिकारी और आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर को देवरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात वह लखनऊ से दिल्ली जा रही ट्रेन में सफर कर रहे थे, तभी शाहजहांपुर स्टेशन पर उन्हें ट्रेन से उतारकर हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद उन्हें देवरिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, देवरिया में दर्ज एक मुकदमे की जांच के दौरान बार-बार नोटिस दिए जाने के बावजूद अमिताभ ठाकुर द्वारा सहयोग नहीं किया गया, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई।

अमिताभ ठाकुर लंबे समय से प्रदेश में भ्रष्टाचार, अवैध कब्जों और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने कानपुर के अधिवक्ता अखिलेश दुबे से जुड़ी संपत्तियों और कथित अनियमितताओं की जांच की मांग की थी। इसके लिए उन्होंने मंडलायुक्त और पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

अपने पत्र में उन्होंने कहा था कि साकेतनगर स्थित पार्क की जमीन पर कब्जा कर ‘किशोरी वाटिका गेस्ट हाउस’ बनाया गया है। साथ ही अधिवक्ता अखिलेश दुबे के कार्यालय के आवंटन, बृजकिशोरी दुबे स्कूल के अवैध संचालन और अन्य संपत्तियों के बारे में भी जांच की जरूरत बताई थी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि मंडलायुक्त कार्यालय का एक कर्मचारी अधिवक्ता को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सहयोग कर रहा है।

अमिताभ ठाकुर ने सरकारी भूमि पर कब्जे और उससे हुए अवैध लाभ की रिकवरी की भी मांग की थी। उनका कहना था कि जांच के बाद जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित व्यक्तियों के उत्तरदायित्व का निर्धारण होना चाहिए।

उनकी गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने इसे प्रताड़ना बताते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के मुद्दे उठाने की सज़ा दी जा रही है। वहीं देवरिया पुलिस का दावा है कि कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। पुलिस आज उन्हें कोर्ट में पेश करेगी।

Share this story