मुख्यमंत्री योगी ने इलेक्ट्रिक बसों, एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा की
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन की चौथी बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश की प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में 500 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की प्रगति पर चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक यात्रियों के आवागमन के लिए पहले चरण में 110 इलेक्ट्रिक बसों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि 15 जून से प्रस्तावित उड़ान संचालन से पहले सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ होनी चाहिए।
इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग नेटवर्क पर जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के तेजी से विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रमुख शहरों और एक्सप्रेस-वे के किनारे पर्याप्त चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जाएं, ताकि ई-वाहन उपयोगकर्ताओं को बेहतर सुविधा मिल सके।
एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में आगरा-लखनऊ-पूर्वांचल लिंक एक्सप्रेस-वे, जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे और झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि अधिग्रहण जून माह के अंत तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ सके।
एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट हब और एक्वा ब्रिज परियोजना पर फोकस
मुख्यमंत्री ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निकट प्रस्तावित एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट हब और उन्नाव में एक्वा ब्रिज परियोजना की समीक्षा करते हुए कहा कि कृषि और मत्स्य उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए आधुनिक प्रोसेसिंग और निर्यात सुविधाओं का विकास जरूरी है।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से किसानों और मत्स्य पालकों को सीधा लाभ मिलेगा और प्रदेश के निर्यात को नई गति मिलेगी।
सीड पार्क और टेक्सटाइल पार्क को मिलेगी रफ्तार
बैठक में लखनऊ में प्रस्तावित सीड पार्क और टेक्सटाइल पार्क परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं को प्रदेश के कृषि और औद्योगिक विकास से जोड़ते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जाए, ताकि रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रदेश को रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए निवेशकों को हर संभव सहयोग दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निवेश प्रस्तावों को तेजी से आगे बढ़ाया जाए और उद्योगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
“सीएम समीक्षा” परियोजनाओं की होगी विशेष मॉनिटरिंग
मुख्यमंत्री ने “सीएम समीक्षा” में शामिल परियोजनाओं को शीर्ष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सेल गठित कर इन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
