×

डीडीयू जंक्शन के पास जम्मू तवी एक्सप्रेस में युवक की गोली मारकर हत्या, जीआरपी जांच में जुटी

डीडीयू जंक्शन के पास जम्मू तवी एक्सप्रेस में युवक की गोली मारकर हत्या, जीआरपी जांच में जुटी

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। डीडीयू जंक्शन के पास जम्मू तवी एक्सप्रेस में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात रविवार देर रात हुई, जिसके बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि यह घटना रविवार रात करीब 1:30 बजे हुई, जब जम्मू तवी एक्सप्रेस डीडीयू जंक्शन से लखनऊ की ओर जा रही थी। ट्रेन के स्टेशन से निकलते ही एक अज्ञात व्यक्ति ने दूसरे यात्री के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात की जानकारी मिलते ही जीआरपी रेलवे एसपी प्रशांत वर्मा, जीआरपी सीओ कुंवर प्रभात सिंह और जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ यात्रियों से भी पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गया (बिहार) निवासी दिनेश साहू के रूप में हुई है। वह ट्रेन से लखनऊ की ओर यात्रा कर रहा था।

जीआरपी एसपी प्रशांत वर्मा ने बताया कि उन्हें मध्यरात्रि लगभग 1:57 बजे सूचना मिली थी। उन्होंने कहा, "जम्मू तवी एक्सप्रेस में डीडीयू से निकलते ही एक व्यक्ति ने दूसरे व्यक्ति के सिर पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इस संबंध में सभी साक्ष्य एकत्रित कर कार्रवाई की जा रही है और शीघ्र ही घटना का अनावरण किया जाएगा।" एसपी वर्मा ने यह भी बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Share this story