चंदौली में दिनदहाड़े गोली मारकर युवक की हत्या, एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
चंदौली। जनपद में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद दिखाई दिए हैं। अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप शनिवार को अज्ञात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइकिल से जा रहे एक युवक पर पहले धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। इसके बाद बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मनोज कुमार निवासी मुगलसराय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने का कार्य शुरू कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हमलावरों की तलाश में जुट गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना ने जिले की कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
