चंदौली में महिला लापता होने से परिवार चिंतित, पुलिस से तलाश कराने की गुहार
चंदौली। सकलडीहा थाना क्षेत्र के पौरा गांव निवासी 40 वर्षीय आशा देवी के लापता होने से परिजन परेशान हैं। वह बीते 26 सितंबर को घर से निकली थीं, लेकिन अब तक वापस नहीं लौटी हैं। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने सकलडीहा थाने में लिखित तहरीर देकर महिला की तलाश कराने की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, पौरा गांव निवासी गुलजार कन्नौजिया की पत्नी आशा देवी 26 सितंबर को घर से निकली थीं। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटीं। परिजनों के मुताबिक, आशा देवी का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं है। उनके लापता होने के बाद से परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं।
परिजनों ने सगे-संबंधियों के यहां जानकारी लेने के साथ ही चंदौली और आसपास के जिलों में भी खोजबीन की, लेकिन अब तक महिला के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। काफी प्रयासों के बावजूद उनका पता नहीं चलने से परिवार के लोग चिंतित हैं।
इस संबंध में सकलडीहा थाना प्रभारी ने बताया कि लापता महिला की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
