×

Chandauli News: एक साल से न्याय की तलाश में विधवा महिला, जमीन कब्जाने का आरोप! मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नहीं मिली राहत

Chandauli News: एक साल से न्याय की तलाश में विधवा महिला, जमीन कब्जाने का आरोप! मुकदमा दर्ज होने के बाद भी नहीं मिली राहत

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के नरहरपुर पगही गांव में एक विधवा महिला अपनी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर पिछले एक वर्ष से न्याय की गुहार लगा रही है। महिला का आरोप है कि गांव के ही एक व्यक्ति ने धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेजों के सहारे उसकी भूमि पर कब्जा कर लिया है। मामला अब प्रशासनिक कार्यवाही और पुलिस जांच के बावजूद चर्चा का विषय बना हुआ है।

पीड़िता दुलेसरी देवी के अनुसार, गांव निवासी परदेसी पुत्र राम कुंवर ने उनके पुराने मकान और जमीन पर मड़ई लगाकर कब्जा कर लिया है। महिला का कहना है कि उसने न्याय के लिए उपजिलाधिकारी सकलडीहा, थाना दिवस, तहसील दिवस समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक जमीन खाली नहीं कराई जा सकी है।

महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने फर्जी अंगूठे के निशान और कथित रूप से जाली गवाहों के सहारे जमीन हड़पने की कोशिश की है। इतना ही नहीं, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। पीड़िता के पुत्र कृष्ण कुमार ने बताया कि राजस्व विभाग और क्षेत्रीय लेखपाल की रिपोर्ट भी उनके पक्ष में है, इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही।

जानकारी के मुताबिक, धानापुर पुलिस ने करीब तीन महीने पहले इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी जमीन पर कब्जा बरकरार है, जिससे पीड़ित परिवार में नाराजगी है।

वहीं, धानापुर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि मामला राजस्व और धोखाधड़ी से जुड़ा है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पीड़िता को जल्द न्याय नहीं मिला तो यह मामला भूमाफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे सरकारी अभियानों पर भी सवाल खड़े करेगा।

Share this story