चंदौली में 25 हजार का इनामी गो-तस्करी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस से बचकर मुंबई चला गया था
चंदौली। थाना बलुआ पुलिस ने गो-तस्करी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल यादव को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना बलुआ में दर्ज गोवध अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम से जुड़े मुकदमे में वांछित था। आरोपी को लक्ष्मणगढ़ चौराहा के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से बचकर गेहूं के खेत से हुआ था फरार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राहुल यादव पुत्र श्याम बिहारी यादव, ग्राम नादी, थाना बलुआ, जनपद चंदौली का रहने वाला है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 15 मार्च 2026 को वह अपने साथियों सादिक अंसारी और सार्जन शाह के साथ पिकअप वाहन से गोवंश लादकर बिहार की ओर जा रहा था।
आरोपी के अनुसार, सरौली के पास बलुआ पुलिस ने पिकअप वाहन को रोक लिया था। इस दौरान उसके दोनों साथी पुलिस की पकड़ में आ गए, जबकि वह गेहूं के खेत में भागकर फरार हो गया था।
मुंबई चला गया था आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुकदमा दर्ज होने के बाद वह मुंबई चला गया था। पुलिस के अनुसार, वह हाल ही में वापस चंदौली आया था और अपने वकील से मिलने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने उसे लक्ष्मणगढ़ चौराहे के पास गिरफ्तार कर लिया।
25 हजार रुपये का घोषित था इनाम
पुलिस के मुताबिक राहुल यादव के खिलाफ थाना बलुआ में गोवध अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज था। उसकी गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार राहुल यादव के खिलाफ थाना बलुआ में गोवध अधिनियम से संबंधित दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मु0अ0सं0 62/2026 और मु0अ0सं0 62/2025 शामिल हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना बलुआ के थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अमित सिंह, उपनिरीक्षक धर्मदेव यादव, हेड कांस्टेबल संतोष यादव, कांस्टेबल रमेश यादव, रिजर्व कांस्टेबल संदीप कुमार गौतम और रिजर्व कांस्टेबल राहुल चक्रवर्ती शामिल रहे।
