चंदौली के मतदाता ध्यान दें! दो दिन बूथों पर मिलेगी नाम जुड़वाने और संशोधन की सुविधा
चंदौली। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और समावेशी बनाने के उद्देश्य से 28 और 29 नवंबर को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। दोनों दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ ही नए पंजीकरण और आवश्यक संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसी क्रम में अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने और पहले से पंजीकृत मतदाताओं के विवरण में सुधार का अवसर देने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ के पास 17 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। नागरिक इस सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण जांच सकेंगे। नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से किसी अपात्र अथवा मृतक व्यक्ति का नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकेगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं और अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों पर ध्यान दिया जाएगा। अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ ही ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं तथा स्थानीय स्वयंसेवकों का सहयोग लिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए जिला सम्पर्क केंद्र (डीसीसी) के हेल्पलाइन नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के NVSP पोर्टल और Voter Helpline App पर उपलब्ध 'Book a Call with BLO' सुविधा के माध्यम से भी मतदाता अपने बूथ लेवल अधिकारी से कॉल बुक कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) और संबंधित अधिकारियों को अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान के दौरान अधिकारियों की ओर से विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया जाएगा। इसमें बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन फॉर्मों की उपलब्धता, हेल्प डेस्क के संचालन और नागरिकों को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 28 और 29 नवंबर को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर प्रारूप मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन करें। उन्होंने नागरिकों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की, ताकि जिले की मतदाता सूची शुद्ध, अद्यतन और अधिक समावेशी बन सके।
