×

रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी पर भड़के ग्रामीण, दीवार निर्माण शुरू होते ही महिलाओं ने किया प्रदर्शन

रेलवे फाटक बंद करने की तैयारी पर भड़के ग्रामीण, दीवार निर्माण शुरू होते ही महिलाओं ने किया प्रदर्शन

चंदौली। जनपद के सैदराजा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरठी-कमरौर रेलवे फाटक को बंद करने की रेलवे विभाग की तैयारी अब विवाद का रूप लेती जा रही है। रेलवे की ओर से फाटक के समीप दीवार निर्माण शुरू किए जाने के साथ ही ग्रामीणों, खासकर महिलाओं ने मौके पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का कहना है कि फाटक बंद होने से हजारों ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि बरठी-कमरौर रेलवे फाटक बंद होने के बाद छात्रों, बुजुर्गों, मरीजों और किसानों को सबसे अधिक परेशानी होगी। स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों तथा खेती-किसानी से जुड़े लोगों का आवागमन प्रभावित होगा।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में वे पहले ही स्थानीय विधायक सुशील सिंह और जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपकर फाटक बंद न करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक रेलवे विभाग की ओर से कोई लिखित जवाब नहीं मिला है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि यदि रेलवे सुरक्षा कारणों से फाटक बंद करना चाहता है तो पहले वहां फुट ओवर ब्रिज (FOB) का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। इसके बाद ही किसी प्रकार का निर्णय लिया जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में विरोध प्रदर्शन जारी है और ग्रामीण रेलवे विभाग के फैसले को वापस लेने की मांग पर अड़े हुए हैं।

Share this story