चार वर्षों से उपेक्षित तालाब को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, बीडीओ ने किया निरीक्षण
चंदौली। चहनियां क्षेत्र के लोलपुर गांव में चार वर्षों से उपेक्षित पड़े तालाब को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। दर्जनों ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को लिखित शिकायत सौंपते हुए ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि तालाब की लगातार अनदेखी और रखरखाव न होने के कारण वह सूखने की कगार पर पहुंच गया है, जिससे क्षेत्र में मवेशियों और अन्य जीव-जंतुओं के लिए गंभीर जल संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जलस्रोत को बंद कर दिया गया है और विकास कार्य भी अधूरे छोड़ दिए गए हैं।
शिकायत मिलने के बाद बीडीओ ने मौके का निरीक्षण किया और संबंधित सचिव को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही तत्काल तालाब की सफाई कराने और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। मामले को लेकर गांव में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
