मकान निर्माण में बाधा का आरोप, डीएम से शिकायत लेकर पहुंचा पीड़ित परिवार
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के छित्तों गांव में रजिस्ट्रीशुदा जमीन पर मकान निर्माण नहीं हो पाने से परेशान एक दंपती ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग उनके मकान निर्माण में लगातार बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जिसके कारण पिछले दो वर्षों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।
गुरुवार दोपहर करीब एक बजे छित्तों गांव निवासी झुरी और उनकी पत्नी रविता देवी ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वे अपने तीन बच्चों के साथ एक ही कमरे में रहने को मजबूर हैं। मेहनत-मजदूरी कर उन्होंने पड़ोसी दुलारे राम से जमीन खरीदी थी, जिसकी विधिवत रजिस्ट्री भी कराई जा चुकी है।
पीड़ित दंपती के अनुसार, जमीन विक्रेता निर्माण कार्य में पूरा सहयोग कर रहा है, लेकिन गांव के कुछ लोग जबरन हस्तक्षेप कर मकान बनाने से रोक रहे हैं। इससे परिवार को लगातार मानसिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दंपती ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने तथा रजिस्ट्रीशुदा भूमि पर मकान निर्माण सुनिश्चित कराने की मांग की। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने उन्हें निष्पक्ष जांच का भरोसा देते हुए प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सदर तहसीलदार को निर्देशित करने का आश्वासन दिया।
