तीन साल से अपनी ही लाइसेंसी पिस्टल के लिए दर-दर भटक रहा पीड़ित, पुलिस पर लीपापोती का आरोप

चंदौली। चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के आलम खातूपुर गांव का मामला सामने आया है, जहां यशवंत सिंह यादव बीते तीन साल से अपनी लाइसेंसी पिस्टल वापस पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। पीड़ित यशवंत सिंह यादव का आरोप है कि जमीन विवाद के दौरान लक्ष्मण यादव ने उनकी लाइसेंसी पिस्टल छीन ली थी। इसकी सूचना यशवंत ने तत्काल 112 नंबर पर दी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पिस्टल व 10 कारतूस का चालान किया, लेकिन जब यशवंत सिंह ने अपनी पिस्टल वापस लेने के लिए थाना व प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया तो पुलिस ने पिस्टल को सरकारी बता कर देने से इनकार कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि जब चालान में साफ-साफ पिस्टल और कारतूस का उल्लेख किया गया था, तो अब पुलिस उसका हक क्यों मार रही है? तीन साल बीत जाने के बावजूद प्रशासन ने अब तक उनकी कोई मदद नहीं की है।
यशवंत सिंह ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें जल्द से जल्द न्याय दिलाया जाए और उनकी पिस्टल वापस की जाए। फिलहाल पुलिस पर मामले को दबाने और लीपापोती करने के आरोप लगे हैं। अब देखना यह होगा कि पीड़ित को कब न्याय मिलेगा।