मुगलसराय में सब्जी कारोबारियों की हड़ताल जारी, स्थायी मंडी समेत तीन मांगों को लेकर धरना
चंदौली। मुगलसराय में सब्जी व्यवसायियों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। सब्जी मंडी बंद कर व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से कई बार मांग की गई, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
धरना दे रहे व्यापारियों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें मुगलसराय में स्थायी सब्जी मंडी बनाए जाने की मांग प्रमुख है। इसके अलावा फुटकर सब्जी व्यवसायियों के लिए पेडिंग जोन उपलब्ध कराने तथा सब्जी समेत अन्य कच्चा माल लेकर आने वाले ट्रकों और मेटाडोर वाहनों से नो-एंट्री हटाने की मांग की गई है।
व्यापारियों का कहना है कि स्थायी मंडी नहीं होने से सब्जी कारोबारियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, फुटकर कारोबारियों के लिए उचित स्थान नहीं होने से भी व्यापार प्रभावित होता है। बाहर से सब्जियां और अन्य कच्चा माल लेकर आने वाले वाहनों पर नो-एंट्री के कारण कारोबारियों को अतिरिक्त दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सब्जी मंडी बंद रहने से स्थानीय स्तर पर सब्जी कारोबार प्रभावित हुआ है। व्यापारियों ने प्रशासन से उनकी समस्याओं का जल्द समाधान निकालने की अपील की है। उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। अब प्रशासन की ओर से व्यापारियों की मांगों पर क्या कदम उठाया जाता है, इस पर सभी की नजर है।
