वाराणसी एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, 22, 24 और 25 अक्टूबर को लागू रहेंगे यातायात प्रतिबंध, बन्द रहेगा राजघाट पुल
चंदौली/वाराणसी। नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित भारतीय वायुसेना के एयर शो को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पड़ाव स्थित एसटीएमआर जयपुरिया स्कूल में अधिकारियों, सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों की ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें रूट मैप, पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और यातायात नियंत्रण की समीक्षा की गई।

बैठक में वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एयर शो के दौरान दर्शकों की भीड़ को नियंत्रित करने, वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर और बहादुरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा, पार्किंग और दर्शकों की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं।
यह भी पढ़ें- वाराणसी एयर शो के बहाने जानिए भारतीय वायुसेना की पूरी कहानी, स्थापना से लेकर सबसे बड़े पद तक
राजघाट और सामने घाट पुल से वाराणसी आने पर प्रतिबंध
प्रशासन के अनुसार, एयर शो के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली के मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्रों से आने वाले वाहन चालकों को इन दोनों पुलों का इस्तेमाल कर वाराणसी जाने से बचने और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने की सलाह दी गई है।
बिहार, चंदौली और अन्य जिलों से आने वाले चारपहिया वाहन रिंग रोड से पंचपेड़वा पहुंचेंगे। वहां से अलीनगर और मुगलसराय होते हुए पड़ाव क्षेत्र में निर्धारित पार्किंग स्थलों तक जाना होगा। चारपहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एसआरएन स्कूल के पीछे स्थित मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
दोपहिया वाहनों के लिए एम्बिशन, एप्को ऑफिस और एप्को ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं, गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से बहादुरपुर रोड की ओर जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करना होगा।
पार्किंग भरने पर लंका मैदान में खड़े होंगे वाहन
पड़ाव क्षेत्र के निर्धारित पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग की ओर भेजा जाएगा। वाहन चालकों को यातायात पुलिस के निर्देशों के अनुसार वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति को देखते हुए पुलिस आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगी।
एयर शो में शामिल नहीं होने वाले और बाबतपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर सहित अन्य जिलों की ओर जाने वाले वाहन चालकों को एनएच-19 और रिंग रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है। उन्हें पड़ाव क्षेत्र और प्रतिबंधित पुलों की ओर जाने से बचने को कहा गया है।
सुबह आठ बजे से लागू रहेंगे यातायात निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथियों में सुबह आठ बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक यातायात संबंधी प्रतिबंध लागू रहेंगे। दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने, सड़क या प्रतिबंधित क्षेत्रों में पार्किंग नहीं करने और रास्ते में लगे बैरियर व संकेतकों का पालन करने की अपील की गई है।
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करना भी अनिवार्य होगा। इसके साथ ही एंबुलेंस, अग्निशमन और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, यातायात प्रभारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ दर्शकों और आम नागरिकों की आवाजाही को सुचारु रखना है।
