चंदौली में सोशल मीडिया टिप्पणी पर बवाल! महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर की कार्रवाई की मांग!
चंदौली। पीडीडीयू नगर के सुभाष नगर वार्ड में सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का मामला गुरुवार देर शाम तूल पकड़ गया। टिप्पणी से नाराज दर्जनों महिलाएं मुगलसराय कोतवाली पहुंचीं और आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए धरने पर बैठ गईं।
जानकारी के अनुसार, एक युवक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर के एक वार्ड की महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पोस्ट सामने आने के बाद स्थानीय महिलाओं में भारी नाराजगी फैल गई और बड़ी संख्या में महिलाएं कोतवाली पहुंच गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुगलसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिषेक गौतम को हिरासत में ले लिया। इसके बाद कोतवाली परिसर में कई घंटे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत और पंचायत चली।
बातचीत के दौरान आरोपी युवक ने सभी महिलाओं के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार की और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उसने भविष्य में इस प्रकार की टिप्पणी दोबारा न करने का भरोसा भी दिया।
आरोपी की ओर से माफी मांगने के बाद मामला शांत हो गया। पुलिस ने युवक को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में इस तरह की हरकत न दोहराने की हिदायत दी। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम में सुभाष नगर वार्ड की सभासद आरती यादव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं। मामले को लेकर देर शाम तक मुगलसराय कोतवाली में हलचल बनी रही।
